रांची। झारखंड में सूखे की समस्या से निपटने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने ‘झारखंड मिलेट मिशन’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत राज्य में मोटे अनाज (रागी, ज्वार, बाजरा और मक्का) की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार किसानों को प्रति एकड़ रु.3,000 की प्रोत्साहन राशि दे रही है, जिसके तहत न्यूनतम रु.300 से लेकर अधिकतम रु.15,000 तक का लाभ मिलेगा। योजना का लाभ 10 डिसमिल से लेकर अधिकतम 5 एकड़ जमीन पर खेती करने वाले किसानों को मिलेगा।
इसके अलावा किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर उन्नत किस्म के बीज भी मुहैया कराए जा रहे हैं। कृषि विभाग के अनुसार, राज्य के 24,070 किसानों ने इस मिशन के तहत अपना पंजीकरण कराया है। पंजीकृत किसानों को प्रोत्साहन राशि देने के लिए जिलों को 11.47 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। राज्य में इस वर्ष 1,17,440 एकड़ में मिलेट खेती का लक्ष्य रखा गया है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि मिलेट को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही रांची, देवघर और जमशेदपुर में ‘मिलेट कैफे’ भी खोले जाएंगे।
