बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर लोरमी के बिल्डर नरेंद्र खत्री समेत चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2023 में काम के दौरान उसकी पहचान आरोपी से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। आरोप है कि आरोपी उसे घूमने के बहाने लोरमी, गोवा और अन्य स्थानों पर ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में कान्हा किसली समेत अन्य जगहों पर भी उसके साथ अनाचार किया गया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और उसके साथ मारपीट की। विवाद के दौरान उसने आत्महत्या का प्रयास करने की बात भी पुलिस को बताई है। शिकायत के आधार पर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर चकरभाठा थाना पुलिस ने बिल्डर नरेंद्र खत्री समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
