राजनांदगांव। जिले के कौरिनभांठा स्थित एक सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बसंतपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए चोरी किए गए सोने के जेवरों को गलाकर डल्ला बना दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, कौरिनभांठा निवासी उमाशंकर साहू 13 जुलाई को अपनी पत्नी के साथ नवा रायपुर गए थे। 17 जुलाई की देर रात घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और 80 हजार रुपए नकद सहित कुल 2.48 लाख रुपए की संपत्ति चोरी कर ले गए थे।
घटना की शिकायत पर बसंतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (आईपीएस) के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन और साइबर थाना प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नागपुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गलाया हुआ सोना (डल्ला) और अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
