मुंबई। रियल एस्टेट कंसल्टेंट नाइट फ्रैंक इंडिया की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2026 में मुंबई में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन 8.3 प्रतिशत की सालाना बढ़त के साथ 13,617 के आंकड़े पर पहुंच गए हैं। यह बीते 14 वर्षों में जुलाई महीने का सबसे शानदार और उच्चतम स्तर है। इस जबरदस्त खरीदारी से महाराष्ट्र सरकार के राजस्व में भी भारी उछाल आया है, जहां स्टाम्प ड्यूटी से मिलने वाली कमाई 8.9 प्रतिशत बढ़कर 1,223 करोड़ रुपये दर्ज की गई। मासिक आधार पर भी जुलाई में स्टाम्प ड्यूटी संग्रह में 13 प्रतिशत और कुल रजिस्ट्रेशन में 2 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। जुलाई 2025 में दर्ज 12,579 रजिस्ट्रेशन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए बाजार ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि उच्च कीमतों और मजबूत बेस के बावजूद घर खरीदारों का भरोसा लगातार बना हुआ है। हालांकि सौदों की संख्या में स्थिर बढ़त दिख रही है, लेकिन राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी यह साफ संकेत देती है कि प्रीमियम और उच्च मूल्य वाले घरों (High-value Homes) की मांग सबसे ज्यादा है। मुंबई की मजबूत आर्थिक बुनियाद, लगातार विकसित होते बुनियादी ढांचे और बेहतर आवासीय प्रोजेक्ट्स की बदौलत आने वाले दिनों में भी रियल एस्टेट सेक्टर की यह रफ्तार कायम रहने की उम्मीद है।
