धमतरी। जिले के वनांचल क्षेत्र में तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। एक तेंदुआ देर रात घर में घुस गया और सो रहे दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरकर पीट-पीटकर मार डाला। जानकारी के अनुसार, मामला नगरी ब्लॉक के बिरगुड़ी रेंज अंतर्गत ग्राम कर्राघाटी का है। रात के समय अचानक एक तेंदुआ घर में घुस आया और वहां सो रहे धरम नेताम और गांधी नेताम पर हमला कर दिया। हमले के दौरान ग्रामीणों और तेंदुए के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख तेंदुआ एक अन्य घर में जा घुसा। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण की हालत गंभीर थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति अब सामान्य है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तेंदुए को मार डाला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद नियमानुसार उसका अंतिम निपटान किया गया। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नगरी क्षेत्र जंगलों से घिरा हुआ है, जहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। इससे पहले भी जंगली जानवरों के हमलों में कई ग्रामीण घायल हो चुके हैं। घर में घुसकर हुए इस हमले के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।


