सीएम साय की बड़ी घोषणा, कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख की सहायता

Follow Us

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घटना की निंदा करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बस्तर पंडुम के विजेताओं को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान नक्सल मुक्त बस्तर में चल रहे विकास कार्यों, विद्युतीकरण और अन्य योजनाओं को लेकर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में आयुर्वेद से जुड़े बड़े संस्थान की स्थापना को लेकर भी प्रधानमंत्री के सामने मांग रखी गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में लखपति दीदी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। महानदी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ हुई बैठक में दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए चर्चा हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले तीन महीनों में जल बंटवारे को लेकर निर्णय हो जाएगा।

सीएम साय ने कहा कि कटघोरा से डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को लेकर भी रेल मंत्री से चर्चा हुई है और इसके निर्माण की दिशा में रास्ता साफ हुआ है। इसके अलावा बस्तर क्षेत्र में किरंदुल से बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर भी बातचीत हुई है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और बिजली सुविधा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से चर्चा की गई है। बस्तर के 400 से ज्यादा गांवों में बिजली पहुंचाने और सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दों पर भी केंद्रीय स्तर पर बातचीत हुई है। कुलगाम आतंकी हमले को लेकर विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं और प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें हर मामले में साजिश नजर आती है और उन्हें अपना नजरिया बदलने की जरूरत है।