‘तस्मै श्री गुरवे नमः’ के जयकारों से गूंजा अनुपम गार्डन, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा

Follow Us

रायपुर। पतंजलि योग समिति, अनुपम गार्डन रायपुर छत्तीसगढ़ के साधकों ने प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और गुरु परंपरा के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया। कार्यक्रम के दौरान ‘जय गुरुदेव’ और ‘तस्मै श्री गुरवे नमः’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी साधकों ने गुरुजनों को प्रणाम कर चरण स्पर्श किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान योगाचार्य छबिराम साहू सहित योग शिक्षक जे.पी. साहू, विश्राम यादव, ढालचंद जैन और वर्षा जैन का शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

पतंजलि योग समिति अनुपम गार्डन रायपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ योगाचार्य छबिराम साहू, राज्य प्रभारी भारतीय शिक्षा बोर्ड छत्तीसगढ़, पूर्व सह-राज्य प्रभारी पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़ एवं सेवानिवृत्त असिस्टेंट प्रोफेसर डाइट रायपुर का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।

उल्लेखनीय है कि अनुपम गार्डन रायपुर में वर्ष 2012 से नियमित योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। यहां योगाचार्य छबिराम साहू द्वारा साधकों को निःशुल्क योगाभ्यास कराया जाता है। नियमित योग अभ्यास से कई साधकों को शारीरिक और स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिला है। कार्यक्रम के दौरान भजन गायन भी किया गया। गुरु वाणी के माध्यम से साधकों को शुभकामनाएं दी गईं। प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा के अनुरूप गुरु पूर्णिमा का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी साधकों ने योगाचार्य छबिराम साहू का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।