‘मेरी माँ को भद्दी गालियाँ दीं, फिर भी मैंने माफ़ किया’: जंतर-मंतर ‘गालीकांड’ पर भावुक हुए पीएम मोदी

Follow Us

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अपने और अपनी स्वर्गीय माँ के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम लाइव आकर Gen-Z और देश के युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बड़ा दिल दिखाते हुए सभी आरोपी बच्चों को माफ करने का ऐलान किया।

पीएम मोदी ने कहा कि,जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ, उससे पूरा देश आहत है और समाज में आक्रोश स्वाभाविक है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मुझे और मेरी स्वर्गीय माँ को भद्दी-भद्दी गालियाँ दी गईं। लेकिन बचपन गलतियों से सीखने का समय होता है। ये गुमराह बच्चे हैं और इन्हें सजा देने या अदालतों के चक्कर कटवाने के बजाय गले लगाकर सही राह दिखाना हमारा काम है।” उन्होंने एक बेहद मार्मिक उदाहरण देते हुए कहा कि, जब जीभ दांतों के बीच दबकर कट जाती है, तो हम अपने दांत नहीं तोड़ते; ये बच्चे भी हमारे अपने हैं।

बता दें कि, 23 जुलाई को नीट (NEET) पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा का पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर दिल्ली में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी। अब पीएम मोदी के इस क्षमादान संदेश ने देश के युवाओं को गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ने का बड़ा पैगाम दिया है।