नई दिल्ली। 1 अगस्त से आम जनता और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर आई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब 200 रुपये की भारी कटौती की है। हालाँकि, रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किग्रा के घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है और वे दिल्ली में रु.942 तथा कोलकाता में रु.968 पर ही स्थिर बने हुए हैं।
पश्चिम एशिया तनाव में राहत और वैश्विक बाजार में आपूर्ति सुधरने के बाद यह लगातार दूसरा महीना है जब एलपीजी के दाम घटे हैं। इस ताजा कटौती के बाद दिल्ली में 19 किग्रा वाला सिलेंडर रु.202 सस्ता होकर रु.2,728 का हो गया है। वहीं कोलकाता में रु.209 की छूट के साथ नया दाम रु.2,872.50, मुंबई में रु.194 घटकर रु.2,691.50 और चेन्नई में रु.200 की राहत के साथ रु.2,906 हो गया है।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने से सीधे तौर पर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग व्यवसाय का लागत खर्च कम होगा। इससे बाहर खाना-पीना, चाय-नाश्ता और शादियों में कैटरिंग सर्विस सस्ती होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से आम आदमी की जेब को बड़ी राहत मिलेगी।

