बालोद में खुले में फेंके मिले 6 हजार एक्सपायरी बिस्किट पैकेट, गाय-कुत्तों के खाने से ग्रामीणों में नाराजगी

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के चिखलाकसा में एक्सपायर हो चुके करीब 6,000 बिस्किट पैकेट खुले में फेंके मिलने से हड़कंप मच गया है। प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के पास बरसाटोला रोड किनारे बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य और पर्यावरण को लेकर चिंता जताई है। जानकारी के अनुसार, मौके पर करीब 500 बिस्किट के पुड़े पड़े मिले। प्रत्येक पुड़े में लगभग 12 पैकेट थे, जिसके आधार पर एक्सपायर बिस्किट की संख्या करीब 6 हजार बताई जा रही है। इन पैकेटों पर जुबिलो और मोई-मोई कंपनी के नाम दर्ज होने की बात सामने आई है। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, खुले में फेंके गए बिस्किट पैकेटों को गाय और कुत्ते खाते हुए दिखाई दिए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इससे पशुओं के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच सकता है। मौके पर मिले कुछ पैकेटों की जांच करने पर उन पर 6 फरवरी 2026, 19 फरवरी 2026 और 10 मई 2026 की एक्सपायरी डेट दर्ज मिली। बताया जा रहा है कि अधिकांश पैकेट पूरी तरह सीलबंद थे। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने खाद्य विभाग से सभी एक्सपायरी खाद्य सामग्री को जब्त करने और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। खाद्य विभाग ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।