रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बढ़ती बिजली दरों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता कर बताया कि आंदोलन की शुरुआत 1 अगस्त से होगी और यह करीब दो महीने तक चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगे बिजली बिल से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं और बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
कांग्रेस ने मांग की है कि 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना को दोबारा लागू किया जाए और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को रोका जाए। पार्टी का कहना है कि जिन घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उन्हें हटाया जाए और इसे उपभोक्ताओं की इच्छा पर छोड़ा जाए।
कांग्रेस के अनुसार, आंदोलन के पहले चरण में 1 अगस्त को सभी जिलों में प्रेसवार्ता की जाएगी। इसके बाद कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में लोगों से समर्थन जुटाएंगे। पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रदर्शन के बाद करीब दो महीने बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की भी योजना बनाई गई है।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े इस मुद्दे को लेकर लगातार आंदोलन जारी रखेगी और सरकार से उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग करेगी।
