रायपुर में पांच मौतों के मामले में बड़ा खुलासा, सट्टेबाजी के कर्ज में डूबा था परिवार का मुखिया

Follow Us

रायपुर। संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत मामले में एसआईटी जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक साजिद अली कथित रूप से सट्टेबाजी के कारण भारी कर्ज में डूबा हुआ था। कर्ज चुकाने के दबाव के चलते उसने ऊंची ब्याज दर पर बाजार से करीब 16 लाख रुपए उधार लिए थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कर्जदारों की ओर से दबाव बनाए जाने और घर पहुंचकर धमकाने जैसी बातें जांच में सामने आई हैं। एसआईटी इस मामले में पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, साजिद अली ने पत्नी राबिया, बेटे इरशाद और बेटियों शाहिदा बेगम व इरशाबा परवीन की मौत के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली थी। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

तकनीकी जांच में पुलिस को साजिद के मोबाइल से दो संदिग्ध नंबर मिले हैं, जिनसे उसकी लगातार बातचीत हुई थी। जांच में सामने आया है कि घटना से पहले भी इन नंबरों पर संपर्क हुआ था। पुलिस अब दोनों नंबरों से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, साजिद अली बैटरी बनाने का काम जानता था, लेकिन पिछले एक साल से उसने काम बंद कर दिया था। उसके मोबाइल और बैंक खातों की जांच में सट्टेबाजी से जुड़े कुछ संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है। पुलिस मामले में सभी कड़ियों को जोड़कर आगे की जांच कर रही है।