रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक पुलिस के जवान घनश्याम देवांगन ने कर्तव्य के साथ मानवता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल युवक की जान बचाई। अमलीडीह एक्सप्रेसवे ब्रिज के पास दुर्घटना में घायल होकर तड़प रहे युवक को उन्होंने समय रहते अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, यातायात पुलिस आरक्षक घनश्याम देवांगन नियमित पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान अमलीडीह एक्सप्रेसवे ब्रिज के पास सड़क हादसे की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक युवक को गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा देखा, जिसे तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी।
आरक्षक ने बिना देर किए स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सुरक्षित वाहन से वी केयर हॉस्पिटल पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने घायल के परिजनों से संपर्क कर उन्हें अस्पताल बुलाया, ताकि इलाज और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें।
चिकित्सकों के अनुसार, घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने से उसकी हालत बिगड़ने से बच गई। परिजनों ने ट्रैफिक आरक्षक घनश्याम देवांगन की तत्परता के लिए उनका आभार जताया।
यह घटना साबित करती है कि ट्रैफिक पुलिस केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाती है। सड़क दुर्घटनाओं के बाद शुरुआती समय यानी “गोल्डन ऑवर” में मिली मदद घायल व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। घनश्याम देवांगन की इस पहल की नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे मानवता और जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
