रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। बचेली में करीब 20 सेंटीमीटर और रायपुर में 15 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हुई। भारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर आ गए और जनजीवन प्रभावित हुआ। रायपुर जिले में जुलाई महीने की बारिश ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अब तक यहां करीब 59 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक है। वहीं पूरे प्रदेश में अब तक औसत बारिश करीब 59 सेंटीमीटर रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गहरे अवदाब का क्षेत्र अब आगे बढ़कर पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर जा सकता है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि दुर्ग संभाग और बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों में भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। रायपुर शहर में 30 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
