धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने रायगढ़ जाएंगे सीएम विष्णुदेव साय, शाम को दिल्ली दौरे के लिए होंगे रवाना

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को रायगढ़ जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करेंगे। दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम को रायपुर लौटेंगे और रात में नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर ग्राम पंचायत बनोरा के अघोर आश्रम में गुरु दर्शन करेंगे। इसके बाद वे कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर (पंडरीपानी) और कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे तथा आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

रायगढ़ दौरे के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रायपुर लौटेंगे। इसके बाद रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से रात 9:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E-5347 के जरिए नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

नई दिल्ली पहुंचने पर मुख्यमंत्री रात 11:25 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से छत्तीसगढ़ सदन जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के दौरान विभिन्न शासकीय बैठकों और अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है।