मुंबई। श्री बालाजी (माला) टेक्सटाइल्स के शेयरों ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की, लेकिन लिस्टिंग के कुछ ही समय बाद निवेशकों को झटका लगा। Mala IPO के शेयर BSE SME प्लेटफॉर्म पर करीब 90 फीसदी प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए, लेकिन तेज मुनाफावसूली के चलते यह लोअर सर्किट पर पहुंच गए। कंपनी का IPO 70 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर आया था और इसकी लिस्टिंग 133 रुपये पर हुई। शुरुआती तेजी के बाद शेयर 126.35 रुपये के लोअर सर्किट पर पहुंच गया। हालांकि IPO निवेशकों को अब भी अच्छा लिस्टिंग लाभ मिला हुआ है।
19 करोड़ रुपये के इस IPO को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला था और यह करीब 200 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ। कंपनी IPO से जुटाई गई रकम का बड़ा हिस्सा वर्किंग कैपिटल और कारोबार विस्तार में लगाएगी। श्री बालाजी (माला) टेक्सटाइल्स कॉटन साड़ियों के निर्माण और थोक कारोबार में सक्रिय है। कंपनी ‘माला साड़ी’ ब्रांड के तहत B2B मॉडल पर काम करती है। कंपनी का मुनाफा पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा है, लेकिन कर्ज का स्तर भी निवेशकों के लिए ध्यान देने वाला विषय है। ऐसे में नए निवेशकों को केवल लिस्टिंग गेन नहीं, बल्कि कंपनी की वित्तीय स्थिति और भविष्य की ग्रोथ देखकर फैसला लेना चाहिए।
