‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, फरार गांजा तस्कर गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल i20 कार जब्त

Follow Us

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे आरोपी चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35) , निवासी सोनपुर थाना लैलूंगा, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही गांजा तस्करी में प्रयुक्त i20 कार (CG13BH5917) भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में ग्राम तुमीडीह महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान खिरोधर यादव और पुरुषोत्तम यादव को i20 कार से 2.728 किलोग्राम गांजा और ₹5,000 नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था। बरामद गांजे की कीमत ₹24,500 आंकी गई थी। कार्रवाई के दौरान तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव पुलिस को चकमा देकर कार सहित फरार हो गया था।

विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने चन्द्रमणी की संलिप्तता की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखने के बाद “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत आरोपी के गांव आने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी भूमिका स्वीकार की, जिसके बाद तस्करी में इस्तेमाल i20 कार भी जब्त कर ली गई। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा और पूंजीपथरा थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।