नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश पर नाराजगी जताते हुए केंद्र और राज्य सरकारों को चेतावनी दी है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि, प्रदर्शनकारियों को परेशान किया गया या उन्हें निशाना बनाया गया तो संगठन दोबारा व्यापक स्तर पर विरोध दर्ज कराएगा। उनका आरोप है कि, सुप्रीम कोर्ट का अंतरिम आदेश सरकार की ओर से दिए गए उस आश्वासन के विपरीत है, जिसमें प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की बात कही गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में कहा है कि, विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामलों की जांच आगे बढ़ाई जा सकती है, लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। हालांकि गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल लोगों को राहत नहीं मिलेगी। सीजेपी ने मांग की है कि, सरकार अदालत के सामने पहले दिए गए आश्वासन और पूरे मामले की जानकारी रखे, ताकि भविष्य में फैसला सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर लिया जा सके। संगठन का कहना है कि वह छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।
