नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए चर्चित विरोध प्रदर्शन के बाद अब ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ (Reservation Hatao Movement – RHA) सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। इंस्टाग्राम पर चल रहे इस डिजिटल अभियान ने महज पांच दिनों में 58 लाख फॉलोअर्स होने का दावा किया है। अभियान से जुड़े लोग खुद को किसी राजनीतिक दल से अलग बताते हुए मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहे हैं।
RHA का इंस्टाग्राम अकाउंट ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ नाम से संचालित हो रहा है, जहां आरक्षण नीति, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर लगातार पोस्ट साझा किए जा रहे हैं। प्रोफाइल में समान अवसर, योग्यता आधारित चयन और सामाजिक सुधार की बात कही गई है। साथ ही डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रसिद्ध नारे “Educate, Agitate, Organize” का भी उल्लेख किया गया है।
अभियान का कहना है , सरकारी नौकरियों और शिक्षा में अवसर योग्यता के आधार पर मिलने चाहिए। वहीं, आरक्षण समर्थक संगठनों का मानना है कि सामाजिक और ऐतिहासिक असमानताओं को दूर करने के लिए आरक्षण अब भी आवश्यक है। ऐसे में यह मुद्दा सोशल मीडिया से निकलकर एक बार फिर राष्ट्रीय बहस का विषय बनता दिखाई दे रहा है।
