कलेक्टर ने ली प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जिला स्तरीय पर्यवेक्षण समिति की बैठक

Follow Us

*अऋणी कृषकों की सहभागिता 10% बढ़ाने और 31 जुलाई तक बीमा कराने के निर्देश*

रायपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) खरीफ 2026 के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय पर्यवेक्षण समिति (DLMC) की बैठक सोमवार को रेडक्रॉस भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने की।

बैठक में उप संचालक कृषि ने योजना के क्रियान्वयन, निगरानी और विभिन्न विभागों की जवाबदेही पर विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय सहभागिता बढ़ाने पर जोर :- कलेक्टर ने सभी बैंकों को गत वर्ष की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक कृषकों – ऋणी एवं अऋणी – का बीमा कराने के निर्देश दिए। अंतिम तिथि 31 जुलाई : उप संचालक कृषि ने बताया कि अऋणी कृषकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए ग्राम कृषि विस्तार अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 से पहले अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ा जाए।

व्यापक प्रचार-प्रसार: क्रियान्वयक बीमा कंपनी एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस द्वारा 01 जुलाई से 31 जुलाई तक फसल बीमा माह मनाया जाएगा। इस दौरान ग्राम-पंचायत स्तर पर कृषक संगोष्ठी, विकासखंड स्तर पर फसल बीमा पाठशाला और समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। असहमति कम करने निर्देश: कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से सहकारी समितियों में व्यापक प्रचार कर किसानों को फसल बीमा के लाभों की जानकारी दी जाए, ताकि असहमति करने वाले किसानों की संख्या कम हो सके।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्राथमिकता है। संबंधित सभी विभाग अपने दायित्व पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निभाएं।

बैठक में उप संचालक कृषि सदस्य सचिव, उप संचालक उद्यानिकी, लीड बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी‌ एनआईसी, जिला प्रबंधक एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे।