नई दिल्ली। नीट-यूजी विवाद और छात्र आंदोलनों को लेकर चल रहे तनाव के बीच सरकार और सीजेपी (CJP) के बीच देर रात हुई बैठक के बाद राहत भरी खबर सामने आई है। सीजेपी नेताओं का दावा है कि बातचीत के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों पर कार्रवाई रोकने और राहत देने को लेकर सहमति बनी है।
जानकारी के मुताबिक, यह बैठक कई घंटे तक चली, जिसमें छात्रों और युवाओं से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार की ओर से भरोसा दिया गया है कि बिहार और असम के बाद अब अन्य राज्यों में भी प्रदर्शनकारियों को राहत देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सीजेपी का कहना है कि बैठक में कानूनी कार्रवाई, एफआईआर और हिरासत में लिए गए युवाओं के मुद्दे प्रमुख रहे। पार्टी ने सरकार से मौखिक आश्वासन के बजाय लिखित गारंटी की मांग की थी, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं राजस्थान को लेकर भी आंदोलनकारियों को राहत मिलने का दावा किया गया है। सीजेपी नेताओं के अनुसार, सरकार ने आश्वासन दिया है कि वहां प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। पूरे मामले को लेकर अब सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। इस फैसले को छात्र आंदोलन और सरकार के बीच बढ़ते तनाव को कम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
