रायपुर में स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आगाज, खिलाड़ियों के भविष्य और ओलंपिक विजन पर होगा मंथन, CM साय होंगे शामिल

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार को आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। इस कॉन्क्लेव में खेल प्रशासक, खेल विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी शामिल होकर प्रदेश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा कर रहे हैं।

दिनभर चलने वाले इस कॉन्क्लेव में खेल प्रोत्साहन एवं प्रतिभा पहचान, विजन 2036 के तहत भारत के अगले ओलंपिक चैंपियनों की तैयारी , खेलों के विकास के संभावित मार्ग, खेल महासंघों और संघों की भूमिका, खेल विज्ञान की अहमियत, आधुनिक खेल अधोसंरचना, अकादमियों के विकास, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP), खेलो इंडिया मिशन तथा छत्तीसगढ़ की पदक रणनीति और नई राज्य खेल नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा।

रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करना, प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में नई पहचान दिलाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना है।