रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है, जिससे सड़कों पर पानी भर गया है और यातायात प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर सहित अन्य जिलों में गरज-चमक, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश को लेकर यलो अलर्ट लागू है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में न जाने की अपील की है।
