रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के ग्राम धरमपुर साजापाली में 76 वर्षीय बुजुर्ग बंधन राम पण्डो की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40 वर्ष), निवासी धरमपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो (30 वर्ष) ने 25 जुलाई 2026 को चौकी रैरूमाखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी और मां के साथ खेत-बाड़ी के काम से गया था। दोपहर में घर लौटने पर उसके पिता बंधन राम पण्डो घर के बाहर गांव के मकरदम उर्फ मुड़ी माझी के साथ पुराने जमीन विवाद को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसकी पुत्री अंजली पण्डो ने दौड़कर बताया कि मकरदम ने टांगी से दादाजी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी टांगी लेकर फरार हो चुका था।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उपचार के दौरान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में बंधन राम पण्डो की मृत्यु हो जाने पर मर्ग जांच के बाद प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच तेज की और आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी को उसके गांव धरमपुर से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर चल रहे पुराने विवाद के चलते टांगी से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और आरोपी दोनों नजूल भूमि पर खेती करते थे तथा जमीन की सीमा और कब्जे को लेकर उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी ने बताया कि मृतक हर वर्ष उसकी जमीन के कुछ हिस्से पर कब्जा कर लेता था, जिससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक विवेचना के चलते 76 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या की इस गंभीर वारदात का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर लिया गया।
