रायपुर। राजधानी के मोवा स्थित अशोका आइकन सोसाइटी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर की अलमारी तोड़कर 51.50 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिवार के सदस्यों ने घर में काम करने वाले कुक महेंद्र कुमार यादव पर चोरी का संदेह जताया है। आशंका है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया हो सकता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोसाइटी में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं पुलिस की टीम संदिग्ध आरोपी और उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
