ई -20 ईंधन नीति के खिलाफ तहसीन पूनावाला का नया मोर्चा, 31 जुलाई को दिल्ली में ‘गाड़ी मार्च-गांधी मार्च’ का ऐलान

Follow Us

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मुद्दे पर आंदोलन के बाद अब टीम भारत के संस्थापक तहसीन पूनावाला ने केंद्र सरकार की E-20 ईंधन नीति के खिलाफ नया अभियान शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने 31 जुलाई को दिल्ली में ‘गाड़ी मार्च-गांधी मार्च’ निकालने का ऐलान करते हुए सरकार से नीति की समीक्षा और उपभोक्ताओं के हित में बदलाव की मांग की है। पूनावाला के अनुसार यह मार्च इंडिया गेट से संसद मार्ग तक निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के कार्यालयों के बाहर भी विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने वाहन मालिकों से अपनी कार और बाइक के साथ इस अभियान में शामिल होने की अपील की।

पूनावाला का आरोप है कि E-20 नीति को बिना पर्याप्त तैयारी के लागू किया गया, जिससे कई पुराने वाहन प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार ईंधन चुनने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए और नीति से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि E-10 वाहनों के लिए E-10 पेट्रोल की उपलब्धता, E-20 पेट्रोल की कीमतों में कमी, शुद्ध (E-0) पेट्रोल का विकल्प और पुराने वाहनों के लिए स्पष्ट समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि नीति में सुधार से उपभोक्ताओं को अधिक किफायती और बेहतर गुणवत्ता वाला ईंधन उपलब्ध कराया जा सकता है।