मुंबई में एनसीबी का बड़ा ड्रग्स ऑपरेशन: न्यूजीलैंड भेजी जा रही 11 किलो एफेड्रिन जब्त, अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश

Follow Us

मुंबई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 11 किलोग्राम एफेड्रिन जब्त की है। यह प्रतिबंधित पदार्थ फ्लोर मैट, बेडशीट और फोटो फ्रेम जैसे घरेलू सामान में छिपाकर न्यूजीलैंड भेजा जा रहा था। इस मामले में चेन्नई निवासी एस. हमीद को गिरफ्तार किया गया है। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब रु.5 करोड़ बताई जा रही है। एनसीबी को लंबे समय से इस नेटवर्क की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन चेन्नई से किया जा रहा था, जबकि पार्सलों की बुकिंग मुंबई और पुणे से फर्जी पहचान और जाली दस्तावेजों के जरिए कराई जाती थी, ताकि जांच एजेंसियों को शक न हो।

21 जुलाई को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी ने मुंबई के एक कूरियर सेंटर से न्यूजीलैंड भेजे जा रहे दो पार्सल जब्त किए, जिनमें करीब 7 किलोग्राम एफेड्रिन मिली। पूछताछ के बाद चेन्नई में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर एक और पार्सल बरामद हुआ, जिसमें 3.99 किलोग्राम एफेड्रिन छिपाकर भेजी जा रही थी। एनसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं, प्रतिबंधित पदार्थ का स्रोत क्या है और न्यूजीलैंड में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। एजेंसी का मानना है कि जांच से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के कई अहम राज खुल सकते हैं।