बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के ग्राम पहंदा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने खोरसी नाला में घड़ियाल देखा। ग्रामीणों ने इसकी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। घड़ियाल दिखने की जानकारी मिलते ही बलौदा बाजार वन विभाग की टीम रेंजर एकता कर के नेतृत्व में ग्राम पहंदा पहुंची। टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और नाले के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। वन विभाग ने ग्रामीणों को नाले के पास नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही सरपंच के माध्यम से गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और नाले में नहाने से बचने की अपील की गई है।
रेंजर एकता कर ने बताया कि ग्रामीणों से घड़ियाल देखे जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण निगरानी में परेशानी आ रही है। फिलहाल ग्रामीणों को सावधानी बरतने और घड़ियाल दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग का अनुमान है कि तेज बहाव के कारण घड़ियाल किसी अन्य स्थान से बहकर यहां पहुंचा हो सकता है और आगे भी जा सकता है। सुरक्षा के लिहाज से नाले के आसपास के गांवों में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है।
