CGPSC घोटाला: CBI जांच के बाद ED की एंट्री, CM साय बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ BJP की जीरो टॉलरेंस नीति

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाला मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री हो गई है। मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। बताया जा रहा है कि सीजीपीएससी के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी से रिमांड अवधि के दौरान ED पूछताछ करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मामले को लेकर कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ था। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से CGPSC घोटाले की निष्पक्ष जांच का वादा किया था और अब दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी जांच में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ के उल्लेख पर मुख्यमंत्री साय ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और संस्कृति का जिक्र करते हैं। इससे पहले बस्तर पंडुम और मल्हार के ताम्रपत्र का उल्लेख भी ‘मन की बात’ में किया गया था। इस बार प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान में कोरबा के प्रयासों की सराहना की।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दिया है। सीएम ने भाजपा को सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य जनता और देश की सेवा करना है।