कारगिल विजय दिवस पर अमर वीरों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

Follow Us

जांजगीर-चांपा। कारगिल विजय दिवस की 28वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को चांपा नगर के शहीद स्मारक चौक (थाना के सामने) में पूर्व सैनिकों के तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में अदम्य साहस, वीरता और पराक्रम का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का शौर्य और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके त्याग और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, नेता प्रतिपक्ष नगर पालिका परिषद चांपा हरीश पांडेय, नगर निरीक्षक अशोक वैष्णव, पार्षद भगवन्तीन साहू, संतोष थवाईत, संतोष सोनी, पार्षद प्रतिनिधि संतोष देवांगन, मोनी मिश्रा, गिरधर देवांगन, गोपाल मित्तल, गिरीश मोदी, एल्डरमैन श्वेता श्रीवास सहित पूर्व सैनिक कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।