जशपुर कलेक्टर का सख्त आदेश: अब आधार बायोमेट्रिक से तय होगी कर्मचारियों की उपस्थिति, लापरवाही पर वेतन कटेगा

Follow Us

जशपुर। जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कार्यप्रणाली सुधारने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचकर आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि, कार्यालय छोड़ते समय शाम 5.30 बजे भी आधार उपस्थिति लगाना अनिवार्य होगा। 15 अगस्त के बाद जिन कर्मचारियों की उपस्थिति आधार सिस्टम में दर्ज नहीं होगी, उनके उस दिन का वेतन काटा जाएगा।

उन्होंने कर्मचारियों को लंच समय में भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि, भोजन अवकाश केवल निर्धारित समय तक ही रहे और अनावश्यक रूप से कार्यालय से बाहर रहने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में ई-ऑफिस और ई-एचआरएमएस प्रणाली को पूरी तरह लागू करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी फाइलें डिजिटल माध्यम से भेजी जाएं और लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण किया जाए। इसके अलावा कलेक्टर ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, विशेषकर शौचालयों की दिन में दो बार नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से आम जनता के साथ शालीन व्यवहार करने और बिना अनुमति कार्यालय से अनुपस्थित न रहने की अपील भी की।