Apple ने जापान में बढ़ाई iPhone की कीमतें, कई मॉडल 11% तक महंगे; भारत पर अभी कोई फैसला नहीं

Follow Us

नई दिल्ली। Apple ने जापान में अपने कई iPhone मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने iPhone 16, iPhone 17e, iPhone 17, iPhone Air, iPhone 17 Pro और iPhone 17 Pro Max की कीमतों में संशोधन किया है। कुछ मॉडलों की कीमतों में करीब 11.3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी iPhone Air की कीमत में देखने को मिली है। इसकी कीमत 159,800 येन से बढ़ाकर 177,800 येन कर दी गई है, जो लगभग 11.3 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं iPhone 17 Pro Max की कीमत 194,800 येन से बढ़कर 214,800 येन हो गई है, जबकि iPhone 17 Pro अब 179,800 येन की जगह 194,800 येन में मिलेगा।

इसके अलावा iPhone 17 की कीमत 129,800 येन से बढ़ाकर 142,800 येन, iPhone 17e की कीमत 99,800 येन से बढ़ाकर 107,800 येन और iPhone 16 की कीमत 114,800 येन से बढ़ाकर 124,800 येन कर दी गई है। Apple ने जापान में कीमत बढ़ाने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। हालांकि, माना जा रहा है कि जापानी येन की कमजोर स्थिति और बढ़ती लागत के कारण कंपनी ने यह कदम उठाया हो सकता है।

इससे पहले Apple ने अपने Mac और iPad लाइनअप की कीमतों में भी बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने कई बाजारों में Apple Music और कुछ देशों में iCloud+ की सदस्यता कीमतों में भी बदलाव किया है। बढ़ती मेमोरी चिप और कंपोनेंट लागत को कीमत बढ़ने की बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल iPhone की कीमतों में यह बढ़ोतरी केवल जापान तक सीमित दिखाई दे रही है। Apple ने भारत या अन्य प्रमुख बाजारों में मौजूदा iPhone मॉडल्स की कीमत बढ़ाने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि, आने वाले iPhone 18 सीरीज के लॉन्च के समय कीमतों को लेकर बदलाव की संभावना पर नजर बनी हुई है।