प्रेमी की मौत के बाद युवती की संदिग्ध मौत, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
सूरजपुर। जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सड़क हादसे में एक युवक की मौत के दो दिन बाद 20 वर्षीय युवती अपने घर में मृत मिली। सूचना मिलते ही करंजी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में वीरपाल नामक युवक की मौत हो गई थी। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद युवती काफी परेशान और गुमसुम रहने लगी थी तथा पहले की तुलना में कम बातचीत कर रही थी।
बुधवार को परिजनों ने युवती को घर में मृत पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेमी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद युवती के मानसिक रूप से आहत होने के पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
