फाइनल से पहले स्पेन को बड़ी राहत! अर्जेंटीना के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे फिट लामिन यामल

Follow Us

न्यूयॉर्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले स्पेन को बड़ी राहत मिली है। टीम के युवा स्टार खिलाड़ी लामिन यामल अब पूरी तरह फिट हैं और अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले खिताबी मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं। स्पेन के कोच लुइस डे ला फुएंते ने उनकी फिटनेस की पुष्टि की है। सेमीफाइनल में फ्रांस के खिलाफ जीत के बाद यामल को परेशानी के साथ मैदान से बाहर जाते देखा गया था। इसके बाद उनके फाइनल खेलने को लेकर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, कोच ने बताया कि चोट गंभीर नहीं थी और एहतियात के तौर पर उन्हें आराम दिया गया था। अब यामल ने टीम के साथ पूरा अभ्यास कर लिया है।

स्पेन 2010 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा है, जबकि अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है। कोच डे ला फुएंते ने कहा कि फाइनल में छोटी-छोटी रणनीतियां जीत का फैसला करेंगी। उन्होंने अर्जेंटीना की वापसी करने की क्षमता और कोच लियोनेल स्कालोनी की तारीफ भी की। वहीं, अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को रोकने के सवाल पर स्पेन के कोच ने कहा कि टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर रणनीति नहीं बनाएगी। उन्होंने यामल को सलाह दी कि वह मेसी की नकल करने के बजाय अपनी अलग पहचान बनाएं।