Mahadev Betting App Case: विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर भूपेश बघेल का BJP पर हमला, ED कार्रवाई और केंद्र सरकार पर उठाए सवाल

Follow Us

रायपुर। Mahadev Betting App Case में ED द्वारा EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए और केंद्र सरकार से कई सवाल पूछे। भूपेश बघेल ने दावा किया कि ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए विकास गर्ग का नाम सार्वजनिक हुआ है, लेकिन मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने नहीं लाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास गर्ग BJP, दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन हैं और पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग के पुत्र हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी ने विकास गर्ग को कथित तौर पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विकास गर्ग और उनसे जुड़ी कंपनियों की 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। बघेल ने आरोप लगाया कि Mahadev Online Betting App को भाजपा के शीर्ष नेताओं का संरक्षण प्राप्त था और कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर आंतरिक विवाद के बाद ही ईडी ने कार्रवाई की। भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि विकास गर्ग कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की कमाई कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने इन आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेज या साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप के खिलाफ सबसे पहले कार्रवाई शुरू की थी। उनके अनुसार, उस दौरान 72 FIR दर्ज की गईं, 400 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, हजारों बैंक खाते सीज किए गए और बड़ी संख्या में लैपटॉप, मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने Google को पत्र लिखकर ऐप को Play Store से हटाने की मांग की थी तथा संचालकों के खिलाफ Look Out Circular (LOC) जारी करने के लिए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को लिखा था।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार की कार्रवाई के बावजूद भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर ही आरोप लगाए और उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया।पोस्ट के अंत में उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि यदि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप की जांच जारी है, तो अब तक इस नेटवर्क के खिलाफ पूरी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने ऐप से जुड़े कथित ऑपरेटरों को विदेश से भारत नहीं लाए जाने, तथा नवनीत सहगल और हिरेन जोशी के संबंध में जांच की स्थिति पर भी सवाल उठाए। गौरतलब है कि ED ने हाल ही में विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। एजेंसी ने Special PMLA Court में पेश कर उनकी 14 दिन की रिमांड मांगी है। ईडी का आरोप है कि Mahadev Online Betting App से जुड़े कथित अवैध धन को विभिन्न कंपनियों के माध्यम से निवेश और layering कर वैध बनाने का प्रयास किया गया। मामले की जांच जारी है।