वाशिंगटन। अमेरिका से भारत और चीन के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर प्रस्तावित 500% टैरिफ को घटाकर 100% करने का फैसला किया है। यह बदलाव रूस पर प्रतिबंधों से जुड़े प्रस्तावित ‘सैंक्शनिंग रशिया एक्ट’ में किया गया है, जिससे भारत जैसे बड़े रूसी तेल आयातक देशों को संभावित आर्थिक दबाव से कुछ राहत मिल सकती है।
संशोधित विधेयक के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति को राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधों में छूट देने का अधिकार भी मिलेगा। पहले प्रस्ताव में रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 500% तक टैरिफ लगाने की बात थी, लेकिन अब अधिकतम सीमा 100% कर दी गई है।
यह प्रस्ताव भारत, चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबैजान जैसे देशों को प्रभावित कर सकता है, जो रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीदते हैं। वहीं, प्राकृतिक गैस के मामले में कुछ देशों को राहत देने का भी प्रावधान रखा गया है। हालांकि यह बिल अभी अमेरिकी सीनेट में विचाराधीन है और कानून बनने से पहले उसे मंजूरी मिलना बाकी है। रिपब्लिकन पार्टी के कुछ नेताओं ने भी इस प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं, इसलिए अंतिम फैसला आने तक इसकी दिशा पर सभी की नजर बनी हुई है।
