वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यौन शोषण और मानहानि से जुड़े चर्चित मामले में बड़ा कानूनी झटका लगा है। अदालत के आदेश के बाद ट्रंप ने लेखिका ई. जीन कैरोल को करीब 5.63 मिलियन डॉलर (लगभग 47 करोड़ रुपये) का भुगतान किया है। यह राशि 2023 में आए उस फैसले के तहत दी गई है, जिसमें जूरी ने ट्रंप को कैरोल का यौन उत्पीड़न करने और बाद में सार्वजनिक रूप से उन्हें बदनाम करने का दोषी ठहराया था।
अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, यह रकम कैरोल की लॉ फर्म को भेज दी गई है। जज लुईस कैप्लान ने हाल ही में भुगतान को मंजूरी दी थी, जिसके बाद ट्रंप की आपत्तियों के बावजूद राशि जारी कर दी गई। यह पहली बार है जब ट्रंप को इस मामले में कैरोल को सीधे भुगतान करना पड़ा है। यह विवाद 1996 के आसपास न्यूयॉर्क के एक डिपार्टमेंट स्टोर में हुई कथित घटना से जुड़ा है। ट्रंप लगातार इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं और उनका कहना है कि, वे कैरोल को जानते तक नहीं। वहीं, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट भी ट्रंप की अपील खारिज कर चुकी है। पिछले सात वर्षों में कैरोल ट्रंप के खिलाफ कुल 88.3 मिलियन डॉलर के सिविल फैसले अपने पक्ष में जीत चुकी हैं।
