नई दिल्ली। भारत और स्पेन ने आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और स्पेन के उद्योग एवं पर्यटन मंत्री जॉर्डी हेरेउ के बीच हुई बैठक में व्यापार, निवेश, विनिर्माण, नवाचार, पर्यटन और मजबूत सप्लाई चेन जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की संभावनाओं पर भी विचार किया। पीयूष गोयल ने कहा कि, भारत और स्पेन को औद्योगिक साझेदारी मजबूत करने, वैश्विक सप्लाई चेन को अधिक भरोसेमंद बनाने और निवेश के नए अवसर तलाशने पर मिलकर काम करना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने सुझाव दिया कि, दोनों देश अगले दशक में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को कई गुना बढ़ाने का लक्ष्य तय करें। उन्होंने एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, रेलवे, मोबिलिटी, हरित तकनीक, विज्ञान, संस्कृति और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को सहयोग के प्रमुख स्तंभ बताया।गोयल ने यह भी कहा कि, भारत-ईयू एफटीए लागू होने के बाद दोनों पक्षों के लिए नए व्यापारिक अवसर खुलेंगे। उनका मानना है कि, मजबूत आर्थिक संबंध न केवल कारोबार को गति देंगे, बल्कि रोजगार, निवेश और तकनीकी सहयोग को भी बढ़ावा देंगे। दोनों देशों ने भविष्य में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
