अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट से विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के कुनिया गांव निवासी मिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मिनी यादव की शादी करीब चार वर्ष पहले अनुज यादव से हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में कार की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था। उनका दावा है कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और मैनपाट में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज, अंबिकापुर में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
