मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार सुबह वारी शोभायात्रा के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से भगवान विठ्ठल की तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि 70 वर्षीय ट्रक चालक की तबीयत खराब थी। वह बुखार तथा सर्दी की दवा ले रहा था। पुलिस के अनुसार, दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान ट्रक अचानक बाईं ओर मुड़ गया और महिलाओं को कुचल दिया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे में तीन वारकरी श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
अधिकारियों के अनुसार,
यह हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे बेलसर टोल प्लाजा से जेजुरी की ओर करीब 500 मीटर आगे एक होटल के पास हुआ। यह स्थान मुख्य पालखी शोभायात्रा से करीब 12 किलोमीटर आगे है।
हर साल महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से वारकरी श्रद्धालु आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर सोलापुर जिले के पंढरपुर में भगवान विठ्ठल मंदिर में दर्शन के लिए वारी शोभायात्रा निकालते हैं। इस वर्ष आषाढ़ी एकादशी 25 जुलाई को मनाई जाएगी।
हादसे को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, यात्रा के लिए सड़क पर विशेष यातायात व्यवस्था की गई थी। सड़क को बीच में डिवाइडर से दो हिस्सों में बांटा गया था। दाईं ओर का रास्ता यात्रा के साथ चलने वाले वाहनों के लिए और बाईं ओर का रास्ता पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के लिए तय किया गया था। हालांकि, कुछ वारकरी बीच-बीच में वाहनों वाले रास्ते पर भी चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने बताया कि नांदेड़ जिले के लोहा क्षेत्र से आए रंगनाथ महाराज पोखरबिसीकर की डिंडी का ट्रक तय वाहन मार्ग से जेजुरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने सांगली जिले के कसबे डिग्रज की डिंडी से जुड़ी सात महिला वारकरी श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि 70 वर्षीय चालक की तबीयत खराब थी। उसने बुखार व सर्दी की दवा ली थी। दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय ट्रक अचानक बाईं ओर मुड़ गया और महिलाओं को कुचल दिया।
हादसे में सांगली जिले के मिरज तालुका की रहने वाली नंदा पवार (60 वर्षीय), माधवी राजाराम सालगरे (55 वर्षीय) और राजश्री शंकर भोसले (55 वर्षीय) की मौत हो गई। चार घायल महिलाओं को इलाज के लिए जेजुरी के एक अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बचाव अभियान, घायलों को चिकित्सा सहायता, यातायात व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया की निगरानी की।
पुलिस ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। इसमें चालक की स्वास्थ्य स्थिति और अन्य संभावित कारणों की भी जांच होगी। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृत वारकरी श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राज्य सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर रखे हुए है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने क्या कहा?
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी दुर्घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल महिला वारकरी श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन को घायलों को हरसंभव मदद और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिवारों के प्रति शोक व्यक्त किया।
