मुंबई। बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी ने अपनी बायोपिक को लेकर बड़ी बात कही है। इंडस्ट्री में अपने 60 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि अगर उनकी जिंदगी पर फिल्म बनती है तो उनका किरदार निभाने के लिए कौन सबसे बेहतर रहेगा, तो उन्होंने दीपिका पादुकोण का नाम लिया।
हेमा मालिनी ने कहा कि अगर दीपिका पादुकोण चाहें तो वह यह किरदार निभा सकती हैं। उन्होंने दीपिका को खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्री बताया। हेमा मालिनी ने कहा कि उनकी बायोपिक में कोई भी कलाकार काम कर सकता है, लेकिन दीपिका इस भूमिका के लिए एक अच्छी पसंद हो सकती हैं। गौरतलब है कि साल 2015 में हेमा मालिनी ने अपनी बायोग्राफी ‘हेमा मालिनी: बियॉन्ड द ड्रीम गर्ल’ के लॉन्च के लिए दीपिका पादुकोण को चुना था। दोनों अभिनेत्रियों के बीच खास जुड़ाव भी माना जाता है।
दीपिका पादुकोण की डेब्यू फिल्म ‘ओम शांति ओम’ में उनके निभाए गए किरदारों में से एक का कनेक्शन हेमा मालिनी से भी जोड़ा जाता है। फिल्म में दीपिका ने शांतिप्रिया का किरदार निभाया था, जिसे ‘ड्रीम गर्ल’ के नाम से भी जाना गया। वहीं 70 और 80 के दशक में हेमा मालिनी का लोकप्रिय उपनाम भी ‘ड्रीम गर्ल’ ही था। हेमा मालिनी ने अपने फिल्मी सफर के 60 साल पूरे होने के जश्न को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पोस्ट साझा किया। उन्होंने कार्यक्रम को यादगार बताते हुए लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री में उनके इतने लंबे सफर का जश्न बेहद भव्य तरीके से मनाया गया। उन्होंने दर्शकों के प्यार और अपनी फिल्मों के संगीत के प्रति उनके जुड़ाव के लिए आभार जताया।
