नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। केशव पुरम इलाके में कथित तौर पर सड़क पर उड़े कीचड़ के छींटों को लेकर हुए विवाद में पांच नाबालिगों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में पांचों नाबालिगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 9 जुलाई को प्रेम बारी पुल के पास हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। उसे तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उधम सिंह पार्क निवासी बंसी लाल के रूप में हुई है। वह लाला लाजपत राय बाजार में एक सीसीटीवी दुकान पर काम करता था।
जांच में सामने आया कि बारिश के कारण सड़क पर जमा कीचड़ के छींटे नाबालिगों पर पड़ गए थे। इसी बात को लेकर युवक और उनके बीच बहस हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि नाबालिगों ने मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर चाकू बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
