मुंबई/वियतनाम। वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शव सोमवार रात भारत लाए जाएंगे। सभी शव वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN979 से हो ची मिन्ह सिटी से रवाना होकर रात 9:35 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।
यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ था, जब पर्यटकों से भरी एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई थी। हादसे में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 पर्यटकों की मौत हुई। इस घटना ने वियतनाम और भारत दोनों जगहों पर शोक की लहर पैदा कर दी है। भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि शवों को भारत भेजने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है और संबंधित राज्य सरकारों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि परिजनों तक शव पहुंचाने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
हादसे के बाद वियतनामी अधिकारियों ने समुद्री सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में स्पीडबोट के 57 वर्षीय कैप्टन को गिरफ्तार किया है। वहीं, हादसे में बचे 17 भारतीय पर्यटकों में से 16 लोग भारत लौट रहे हैं, जबकि एक घायल पर्यटक का इलाज फु क्वोक के अस्पताल में जारी है।

