बिजली कटौती और महंगे बिल के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ट्रांसफार्मर की पूजा कर जताया विरोध

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में अघोषित बिजली कटौती, बढ़े हुए बिजली बिल और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ट्रांसफार्मर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान पंडितों द्वारा ट्रांसफार्मर की पारंपरिक विधि से पूजा कराई गई। इस दौरान बिजली बिल कम आने, अघोषित बिजली कटौती बंद होने और प्रदेश में बेहतर बिजली व्यवस्था की कामना की गई। कांग्रेस ने इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए राज्य सरकार की बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए।

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेशभर में लगातार अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। साथ ही महंगी बिजली दरों, लो-वोल्टेज की समस्या और सोलर पैनल से उत्पादित बिजली की खरीदी दर कम किए जाने से उपभोक्ताओं और सोलर उत्पादकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से बिजली आपूर्ति को सुचारु करने, बिजली दरों में राहत देने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।