मुंबई। साउथ सिनेमा की चर्चित जोड़ी धनुष और निर्देशक वेट्री मारन एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है। दोनों की पांचवीं फिल्म ‘तमिल मुरुगन’ का पहला लुक और प्रोमो जारी कर दिया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोर ली है।
फिल्म के पोस्टर में धनुष एक भव्य और शक्तिशाली अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। उन्हें हाथी पर सवार होकर विशाल सेना के सामने खड़ा दिखाया गया है। उनके हाथ में भगवान मुरुगन से जुड़ा पवित्र भाला ‘वेल’ नजर आ रहा है, जो फिल्म के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पक्ष को दर्शाता है। ‘तमिल मुरुगन’ धनुष और वेट्री मारन की पांचवीं साझेदारी है। इससे पहले दोनों ‘पोल्लाधावन’, ‘आडुकालम’, ‘वडा चेन्नई’ और ‘असुरन’ जैसी चर्चित फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। इस वजह से फिल्म को लेकर फैंस में खास उत्साह है।
फिल्म की कहानी अरिवुमथी ने लिखी है, जबकि संगीत की जिम्मेदारी साई अभ्यंकर संभाल रहे हैं। फिल्म तमिल संस्कृति और भगवान मुरुगन से जुड़ी मान्यताओं को केंद्र में रखकर बनाई जा रही है। फर्स्ट लुक सामने आने के बाद फिल्म को लेकर ऑनलाइन चर्चा तेज हो गई है। भव्य विजुअल्स और सांस्कृतिक विषय के कारण ‘तमिल मुरुगन’ साउथ सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो गई है।
