नई दिल्ली। कैल्शियम को हड्डियों की मजबूती और शरीर के बेहतर कामकाज के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। आमतौर पर दूध को कैल्शियम का सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है, लेकिन भारतीय खान-पान में कई ऐसे खाद्य पदार्थ मौजूद हैं, जिनमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है। तिल कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ शरीर को जरूरी मिनरल्स भी प्रदान करते हैं। इसे लड्डू, चटनी या अन्य व्यंजनों में शामिल किया जा सकता है।
बादाम भी कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है। रोजाना सीमित मात्रा में बादाम खाने से हड्डियों के साथ-साथ दिल और त्वचा की सेहत को भी फायदा मिल सकता है। काजू में कैल्शियम के अलावा प्रोटीन और हेल्दी फैट पाए जाते हैं। यह शरीर को ऊर्जा देने में मदद करता है और संतुलित डाइट का हिस्सा बन सकता है। खजूर कैल्शियम के साथ आयरन और फाइबर से भरपूर होता है। इसे सुबह के समय खाने से शरीर को प्राकृतिक ऊर्जा मिल सकती है।
वहीं, मेथी के बीज भी कैल्शियम और अन्य पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं। इन्हें पानी में भिगोकर या भोजन में शामिल करके सेवन किया जा सकता है। हालांकि, किसी भी खाद्य पदार्थ का सेवन संतुलित मात्रा में करना जरूरी है। स्वस्थ डाइट और नियमित जीवनशैली से ही शरीर को बेहतर पोषण मिल सकता है।

