छत्तीसगढ़ में 13 जुलाई से मानसून पकड़ेगा रफ्तार, उत्तरी जिलों में अगले 5 दिनों तक होगी अच्छी बारिश

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश में मानसून की शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया। हालांकि, बीते 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से लगभग 21 प्रतिशत कम बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में डौरा कोचली में सर्वाधिक 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर, कुनकुरी, जशपुरनगर, वाड्राफनगर, दुलदुला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।