टोरंटो स्ट्रीट फेस्टिवल में चली गोलियां, जश्न के बीच मची चीख-पुकार; 2 की मौत, 3 गंभीर

Follow Us

ओटावा। कनाडा के टोरंटो शहर में आयोजित लोकप्रिय लैटिन सांस्कृतिक उत्सव ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ के दौरान शनिवार शाम अचानक हुई गोलीबारी ने पूरे माहौल को दहशत में बदल दिया। चहल-पहल और जश्न के बीच हुई इस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की घटना रात करीब 8 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंगटन एवेन्यू के पास हुई। उस समय हजारों लोग वार्षिक स्ट्रीट फेस्टिवल में शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस, पैरामेडिक्स और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत एवं जांच अभियान शुरू किया। टोरंटो पुलिस ने इसे सामूहिक गोलीबारी की घटना मानते हुए लोगों से घटनास्थल और आसपास के इलाके से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर कनाडा में सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।