एप्पल और ओपनएआई आमने-सामने, गोपनीय तकनीक चोरी के आरोपों से मचा विवाद

Follow Us

नई दिल्ली। टेक जगत की दो बड़ी कंपनियों एप्पल और ओपनएआई के बीच कानूनी विवाद गहराता जा रहा है। एप्पल ने ओपनएआई और उसके हार्डवेयर प्रमुख के खिलाफ आरोप लगाते हुए दावा किया है कि कंपनी ने उसके भविष्य के प्रोडक्ट्स और तकनीकी जानकारी से जुड़ा गोपनीय डेटा हासिल करने की कोशिश की।

एप्पल ने अमेरिकी अदालत में दायर मामले में आरोप लगाया कि ओपनएआई से जुड़े लोगों ने उसके कर्मचारियों से आगामी डिवाइस, डिजाइन, कंपोनेंट्स और इंजीनियरिंग दस्तावेजों जैसी संवेदनशील जानकारियां साझा करने के लिए संपर्क किया। कंपनी ने पूर्व कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। मामले में एप्पल के पूर्व हार्डवेयर इंजीनियर का नाम भी सामने आया है। एप्पल का आरोप है कि, कुछ गोपनीय फाइलों तक अनधिकृत पहुंच बनाई गई, जिनमें अभी लॉन्च नहीं हुए प्रोडक्ट्स से जुड़ी अहम जानकारी शामिल थी।

वहीं, ओपनएआई ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि, वह किसी भी दूसरी कंपनी के व्यापारिक रहस्यों का इस्तेमाल नहीं करती और उसका फोकस नई एआई तकनीक विकसित करने पर है। गौरतलब है कि, दोनों कंपनियों के बीच पहले एआई तकनीक को लेकर साझेदारी रही है, लेकिन हाल के घटनाक्रमों के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ता दिख रहा है। एप्पल ने अदालत से कथित गोपनीय सामग्री हटाने और उचित कार्रवाई की मांग की है।