रायपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर एनजीटी की सख्ती: खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक, नोटिस की अनदेखी पड़ी भारी

Follow Us

रायपुर। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने जल संरक्षण नियमों की अनदेखी को गंभीर मानते हुए रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम समेत देश के तीन प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। अधिकरण के आदेश के अनुसार, अगली सुनवाई तक इन स्टेडियमों में बिना NGT की अनुमति कोई भी खेल आयोजन नहीं किया जा सकेगा।

NGT की कार्रवाई रायपुर के अलावा मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर भी लागू होगी। मामला भूजल के उपयोग, जल संरक्षण उपायों और पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) से जुड़ा है। अधिकरण ने कहा कि गंभीर जल संकट के दौर में बड़े खेल परिसरों को रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और जल प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए।

NGT और केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) द्वारा कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद संबंधित स्टेडियमों की ओर से समय पर जवाब दाखिल नहीं किया गया। इसी को देखते हुए अधिकरण ने अंतरिम प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया। इस मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी, जहां संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। अब सभी की नजर इस बात पर है कि स्टेडियम प्रबंधन जल संरक्षण मानकों का पालन कैसे सुनिश्चित करता है।